नई दिल्ली में मुख्यमंत्री साय की भाजपा नेतृत्व से अहम बैठक

नई दिल्ली।  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष नीतिन नबीन से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सूत्रों के अनुसार मुलाकात के दौरान राज्य में चल रही विकास योजनाओं, संगठन की गतिविधियों और आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने केंद्र और राज्य के समन्वय से विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राज्य में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी बातचीत हुई।

महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 5 गौवंशीय मवेशी मुक्त, पिकअप जब्त


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले की बागनदी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिकअप वाहन में बेरहमी से भरकर महाराष्ट्र ले जाए जा रहे पांच गौवंशीय मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस के अनुसार 25 मई को पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान रात में छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर जा रहे अशोक लीलैंड पिकअप वाहन क्रमांक MH 37 J 3903 को कोठीटोला कैम्प के सामने बैरिकेडिंग कर रोका गया। जांच में वाहन के भीतर 4 बैल और 1 गाय सहित कुल पांच गौवंशीय मवेशी मिले।

पुलिस ने पाया कि मवेशियों के पैर और गले को बेरहमी से बांधा गया था तथा उन्हें बिना किसी वैध अनुमति के महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि मवेशियों को बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 25 हजार रुपये कीमत के मवेशी और सात लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन जब्त किया। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 7 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में आरोपी अक्षय अशोक तुरकर, फिरतु कंवर और पुरूषोत्तम नाईक के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। 

हाईवे पर BMW में स्टंटबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने कार की जब्त


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर चलती BMW कार की सनरूफ में बैठकर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 24 मई को BMW कार क्रमांक CG 10 CA 3999 का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था। वीडियो में कार तेज रफ्तार में हाईवे पर दौड़ती दिखाई दे रही थी और उसमें बैठी महिला सनरूफ से बाहर निकलकर डांस कर रही थी।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर थाना चकरभाठा लाया। पूछताछ में वाहन चालक प्रतीक लूथर पिता संजय लूथर ने यातायात नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक मंगला क्षेत्र का रहने वाला है। चकरभाठा पुलिस द्वारा वाहन जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर इस तरह के स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए की जा रही ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। 


कोयला हेराफेरी का बड़ा खेल उजागर, डिपो मालिक समेत 5 गिरफ्तार


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में कोयले की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में बदलकर कम गुणवत्ता वाला कोयला भरने के आरोप में डिपो संचालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में नरेश अग्रवाल, गंगा प्रसाद साहू, फिरोज अंसारी, नासिर अंसारी और इमरान अंसारी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी आशीष केसरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का काम करता है। वर्तमान में एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र की खदान से ट्रेलरों में उच्च गुणवत्ता का जी-6 ग्रेड कोयला लोड कर गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड सिलतरा भेजा गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि रास्ते में पेण्ड्रीडीह चौक के पास ट्रेलरों को रोककर उनमें से करीब पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला निकाल लिया गया। इसके बाद डिपो में कम गुणवत्ता वाला 4700 जीसीवी का कोयला भरकर ट्रेलरों को आगे भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मातहत अफसरों और कर्मियों को कारवाही के निर्देश दिए ।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण, पंचनामा और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही डिपो में मौजूद निम्न गुणवत्ता वाले कोयले का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने डिपो संचालक, वाहन स्वामी और ट्रेलर चालकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com