राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले की बागनदी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिकअप वाहन में बेरहमी से भरकर महाराष्ट्र ले जाए जा रहे पांच गौवंशीय मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस के अनुसार 25 मई को पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रात में छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर जा रहे अशोक लीलैंड पिकअप वाहन क्रमांक MH 37 J 3903 को कोठीटोला कैम्प के सामने बैरिकेडिंग कर रोका गया। जांच में वाहन के भीतर 4 बैल और 1 गाय सहित कुल पांच गौवंशीय मवेशी मिले।
पुलिस ने पाया कि मवेशियों के पैर और गले को बेरहमी से बांधा गया था तथा उन्हें बिना किसी वैध अनुमति के महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि मवेशियों को बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 25 हजार रुपये कीमत के मवेशी और सात लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन जब्त किया। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 7 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में आरोपी अक्षय अशोक तुरकर, फिरतु कंवर और पुरूषोत्तम नाईक के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
