बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में कोयले की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में बदलकर कम गुणवत्ता वाला कोयला भरने के आरोप में डिपो संचालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में नरेश अग्रवाल, गंगा प्रसाद साहू, फिरोज अंसारी, नासिर अंसारी और इमरान अंसारी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी आशीष केसरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का काम करता है। वर्तमान में एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र की खदान से ट्रेलरों में उच्च गुणवत्ता का जी-6 ग्रेड कोयला लोड कर गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड सिलतरा भेजा गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि रास्ते में पेण्ड्रीडीह चौक के पास ट्रेलरों को रोककर उनमें से करीब पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला निकाल लिया गया। इसके बाद डिपो में कम गुणवत्ता वाला 4700 जीसीवी का कोयला भरकर ट्रेलरों को आगे भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मातहत अफसरों और कर्मियों को कारवाही के निर्देश दिए ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण, पंचनामा और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही डिपो में मौजूद निम्न गुणवत्ता वाले कोयले का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने डिपो संचालक, वाहन स्वामी और ट्रेलर चालकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
