बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से संबंधित चैट और स्क्रीनशॉट तथा एक किया कार जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में निखिल शर्मा और अविनाश पंजवानी शामिल हैं। दोनों आरोपी बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एफसीआई चौक माल गोदाम क्षेत्र में आरोपी मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नागपुर निवासी निखिल शर्मा और सतना निवासी सचदेवा नामक व्यक्तियों के संपर्क में रहकर “Balajionline777” और “JMDBET” नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट सट्टा खेलते और खिलाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से जुड़े चैट, हिसाब-किताब और लेनदेन के रिकॉर्ड मिले। पुलिस ने स्क्रीनशॉट लेकर उन्हें जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही पूरे ऑनलाइन नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में जांच जारी है।
