रेलवे स्टेशन से सीपत की ओर ले जाया जा रहा था गांजा, 86 पैकेट गांजा जब्त


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / बिलासपुर-सीपत रोड पर पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा तस्करी का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 86 पैकेट मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से सीपत की तरफ दो इलेक्ट्रिक ऑटो में कुछ महिलाएं भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने हमराह स्टाफ, गवाहों और ACCU टीम के साथ बिलासपुर-सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार 8 महिलाओं को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से प्लास्टिक की बोरियों और कपड़ों के गट्ठों में छिपाकर रखा गया कुल 86 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जो खाकी टेप से लिपटा हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मटियारी थाना सीपत क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

वन विभाग की टीम पर हमला, डिप्टी डायरेक्टर से धक्का-मुक्की


धमतरी। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  धमतरी जिले के अंतिम छोर पर बसे जैतपुरी गांव में सोमवार को वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन के साथ धक्का-मुक्की की गई, जबकि कई वनकर्मियों के साथ मारपीट कर उनकी वर्दियां फाड़ दी गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में पेड़ कटाई और अवैध कब्जों के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही थी। इसी सिलसिले में 166 ग्रामीणों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नोटिस जारी किए गए थे। कुछ ग्रामीणों ने नोटिस का जवाब दिया था, लेकिन उनके बयान दर्ज नहीं हो सके थे।

सोमवार को वन विभाग की टीम बयान दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जैतपुरी गांव पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिसके बाद गांव में तनाव बढ़ गया। आरोप है कि ग्रामीणों ने महिलाओं को आगे कर वन अमले को घेर लिया और टीम पर हमला कर दिया। घटना में डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन के साथ धक्का-मुक्की की गई, वहीं कई वनकर्मियों को चोटें आई हैं। महिला वनकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन ने बताया कि 166 अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गांव गई थी। 4 लोगों को पकड़ने के बाद ग्रामीण उग्र हो गए और हाथापाई शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि बाकी 162 ग्रामीणों ने 5 दिन बाद सरेंडर करने की बात कही है। मामले में वन विभाग ने सिहावा थाने में शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। 

अब बस्तर में बंदूक नहीं, विकास बोलेगा : अमित शाह

जगदलपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ जगदलपुर स्थित बादल अकादमी में आयोजित ‘उजर बस्तर’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शहीदों के परिजनों, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPFs) के जवानों और नक्सल पीड़ितों से आत्मीय संवाद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि वीर जवानों के बलिदान, सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियानों और बस्तर के लोगों के साहस ने दशकों पुराने नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में बड़ी सफलता दिलाई है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर में बंदूक नहीं, बल्कि विकास बोलेगा।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार बस्तर को शांति, विकास और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर अब बदलाव के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार नया बस्तर गढ़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा बस्तर बनाना है जो सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर हो। कार्यक्रम में शहीद परिवारों के सम्मान, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को लेकर भी चर्चा की गई।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से मोबाइल छीनकर भागा युवक, गिरफ्तार

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान बीजेपी विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक झपटमारी का शिकार हो गए। बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया, हालांकि रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार घटना पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे हुई, जब धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार युवक उनके हाथ से मोबाइल छीनकर भाग निकला।

मामले की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी मणिकांत ध्रुव को राजीव नगर इलाके से हिरासत में लिया। आरोपी मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है और रायपुर में रैपिडो चलाने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटमारी में इस्तेमाल बाइक और छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com