बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर-सीपत रोड पर पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा तस्करी का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 86 पैकेट मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से सीपत की तरफ दो इलेक्ट्रिक ऑटो में कुछ महिलाएं भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने हमराह स्टाफ, गवाहों और ACCU टीम के साथ बिलासपुर-सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार 8 महिलाओं को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से प्लास्टिक की बोरियों और कपड़ों के गट्ठों में छिपाकर रखा गया कुल 86 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जो खाकी टेप से लिपटा हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मटियारी थाना सीपत क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।




