मितानिन के घर मिला बम बनाने का सामान, महापौर को बम से उड़ाने की धमकी


रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रावाभाठा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने एक घर से देसी बम बनाने का सामान बरामद किया। पुलिस ने मौके से विस्फोटक सामग्री, पिस्टल और संदिग्ध सामान जब्त किया है। मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब पूछताछ में कांग्रेस नेता और बिरगांव महापौर नंदलाल देवांगन के साले का नाम सामने आया।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि रावाभाठा क्षेत्र के एक मकान में संदिग्ध सामग्री रखी गई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मितानिन पुष्पा साहू के घर से बम बनाने का सामान बरामद किया। पूछताछ में पुष्पा साहू ने बताया कि विनय देवांगन नामक व्यक्ति ने उसके घर में बैग रखवाया था। महिला ने पुलिस को बताया कि विनय देवांगन जमीन कारोबारी है और उसी से उन्होंने जमीन खरीदी थी। बैग खोलने पर उसमें पिस्टल और विस्फोटक सामग्री मिली। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर ने बिरगांव महापौर नंदलाल देवांगन से भी पूछताछ की। महापौर ने पुलिस को बताया कि विनय देवांगन उसका साला है, लेकिन पिछले करीब 20 वर्षों से दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि विवाद के बाद विनय ने उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी थी।

पुलिस अब फरार आरोपी विनय देवांगन की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस जब्त विस्फोटक सामग्री की जांच कर रही है और पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल जारी है। 


ऑपरेशन आघात: 50 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब निर्माण और बिक्री में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम एकताल स्कूलपारा निवासी संदीप चौहान अपने घर के पास महुआ शराब बनाकर बेच रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को गांव में दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी संदीप चौहान (26) को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के घर की बाड़ी से दो प्लास्टिक झिल्ली में रखी महुआ शराब बरामद हुई। इनमें एक में 30 लीटर और दूसरी में 20 लीटर शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस जांच में आरोपी के पास शराब निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शराब और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। 


दोगुना रकम का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से 5.42 लाख की ठगी


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को लालबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को निवेश और बीमा कार्य से जुड़ा बताकर महिला से किस्तों में 5.42 लाख रुपये ऐंठ लिए थे।

पुलिस के अनुसार थाना लालबाग में दर्ज अपराध क्रमांक 165/2026 के तहत आरोपी महेश राम वर्मा (49) निवासी मोतीपुर तालाब के पास, वार्ड क्रमांक-02, थाना कोतवाली राजनांदगांव के खिलाफ धारा 420, 467 और 468 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रार्थिया फगनी बाई साहू (65) निवासी चमारराय टोलागांव थाना लालबाग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने वर्ष 2014, 2022 और 2023 में विभिन्न किश्तों के माध्यम से कुल 5 लाख 42 हजार रुपये निवेश कराने के नाम पर लिए थे। आरोपी ने महिला को रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाते हुए कई बांड पेपर और दस्तावेज भी दिए थे।

जांच के दौरान पुलिस को दस्तावेज संदिग्ध मिले। पूछताछ में आरोपी ने महिला से रकम लेना स्वीकार कर लिया। साथ ही जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र तैयार कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।

अरविंद अवस्थी सातवीं बार बने प्रदेश अध्यक्ष, पत्रकार हितों पर रहेगा फोकस


रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव राजधानी रायपुर में सर्वसम्मति से संपन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव अधिकारी राम साहू और राजकुमार यादव की देखरेख में पूरी कराई गई। चुनाव में अरविंद अवस्थी लगातार सातवीं बार प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। उनके पुनः अध्यक्ष चुने जाने पर संगठन से जुड़े पत्रकारों ने खुशी जताई और इसे संगठन की मजबूती व एकजुटता का प्रतीक बताया।

नवगठित कार्यकारिणी में विश्वदीपक राई को फिर से प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अनिल पवार को प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा राजेश मिश्रा को प्रदेश संयोजक चुना गया।

प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर हरबंस अरोरा, अब्बास अली, मनोज मिश्रा, मोहन तिवारी, भरत योगी और निर्मल सलूजा निर्वाचित हुए हैं।

प्रदेश सचिव के रूप में रेनू मिश्रा, छगन साहू, दिनेश मिश्रा, मोहन दास मानिकपुरी, विनोद शर्मा और रवि शुक्ला को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सह सचिव पद पर भूपेंद्र धर दिवान, हरिश तिवारी और साखन दर्वे को नियुक्त किया गया है। संगठन ने मनोज मिश्रा को संगठन प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी है।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के लिए संघर्ष और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में नई कार्यकारिणी सक्रिय रूप से कार्य करेगी।






© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com