नाबालिग से दुष्कर्म, शोषण का फरार आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  “ऑपरेशन तलाश” के तहत कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को ओडिशा के सुंदरगढ़ से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर नाबालिग को शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2025 को नाबालिग के परिजनों ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान बालिका को बरामद कर काउंसलिंग कराई गई, जिसमें सामने आया कि आरोपी दीपक कुमार पासवान ने उसे बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाया और जबरन शारीरिक शोषण किया।

प्रकरण में मेडिकल रिपोर्ट व बयान के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर ओडिशा के सुंदरगढ़ में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को रायगढ़ लाकर मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 ऑपरेशन “तलाश” जारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अन्य राज्यों में भी लगातार दबिश दी जा रही है और अभियान जारी रहेगा।

अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने नजदीक से मारी गोली

मिर्जापुर (उप्र)। कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े वरिष्ठ अधिवक्ता व ग्राम प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंकू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से शहर में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, आज शनिवार सुबह राजीव सिंह टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और उनमें से एक ने नजदीक से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

CCTV में कैद वारदात

पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में हमलावर वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर तक बाइक स्टार्ट नहीं होने पर आसपास के लोग उन्हें पकड़ने आगे बढ़े, लेकिन बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें डराया और फरार हो गए।

 शहर में आक्रोश, सड़क जाम 

घटना के बाद अधिवक्ताओं और परिजनों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पुलिस लाइन मार्ग पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

जूटमिल थाना भवन का शुभारंभ, पुलिसिंग होगी मजबूत


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को रायगढ़ प्रवास के दौरान कलेक्टोरेट परिसर में “स्मार्ट पंजीयन कार्यालय” और थाना जूटमिल के नवीन भवन का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में मंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ थाना भवन का शुभारंभ किया और भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जूटमिल क्षेत्र में पहले पुलिस सहायता केंद्र संचालित होता था, जिसे वर्ष 2005 में चौकी और वर्ष 2023 में थाना में उन्नत किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2024-25 के बजट में स्वीकृत 20 नए थाना भवनों में यह भी शामिल है। 

पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा निर्मित यह थाना भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। एसएसपी ने बताया कि इससे पुलिसिंग में तेजी आएगी और अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पुलिसिंग एक चुनौतीपूर्ण कार्य है और लंबे समय से नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि कलेक्टोरेट के पास निर्माणाधीन नया एसपी कार्यालय भी जल्द पूर्ण होगा। साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए स्टाफ क्वार्टर की प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने पुलिस कॉलोनी के विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से सहयोग देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने नए थाना भवन के लिए पुलिस प्रशासन को बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

डायन बताकर मारपीट, आरोपियों को भेजा गया जेल


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में टोनही (डायन) बताकर महिला को प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने थाना तखतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के पास एक युवक के गिरने के बाद उसे टोनही कहकर गाली-गलौज की गई और मारपीट की गई। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा पीड़िता को टोनही बताकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर प्रकरण में टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धाराएं भी जोड़ी गईं। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों देवेन्द्र बघेल और सुमित्रा बाई बघेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com