इंस्टाग्राम: भरोसा जीतकर किया दुष्कर्म, रायपुर से आरोपी पकड़ा गया


जांजगीर-चांपा।
 TODAY छत्तीसगढ़  / सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए अनिकेत तांडे (20 वर्ष), निवासी सोनादुला, थाना अकलतरा से पहचान हुई थी। आरोपी ने स्वयं को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताकर पीड़िता व उसके परिजनों का विश्वास जीता और शादी का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत धारा 64(2)(एम) एवं 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हीरापुर (रायपुर) से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

रेत माफिया का खेल या सिस्टम की चुप्पी? नाबालिग की मौत ने खोल दी अवैध खनन की परतें

 


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ग्राम गढ़वट के पास खारंग नदी की है।

जानकारी के अनुसार, रात के समय रेत लोड कर ले जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक पलट गया। हादसे में अमित कश्यप (17 वर्ष), पिता रमेश कश्यप, निवासी गढ़वट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक अमित यादव, पिता विजय यादव, गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत ट्रैक्टर पलटने से हुई या रेत के ढेर के धंसने से मजदूर उसके नीचे दब गया। पुलिस अवैध रेत उत्खनन के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

NH-30: दो हाईवा की आमने-सामने भिड़ंत, केबिन में फंसा रहा शव


कोण्डागांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  / सिटी कोतवाली कोण्डागांव क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भूमका नाला के पास दो हाईवा टिप्परों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर की ओर से गिट्टी लेकर आ रही हाईवा क्रमांक सीजी 21 जे 4009 ने कोण्डागांव की ओर से जा रही खाली हाईवा क्रमांक सीजी 17 केवी 0165 को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खाली हाईवा के चालक दुबेश नाग (निवासी बरण्डी, जिला बस्तर) का शव वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद चालक का शव हाईवा के केबिन में फंसा रहा, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। वहीं दूसरे हाईवा का चालक घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल कोण्डागांव में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत सामान्य है।

सूचना मिलते ही जोबा कैंप पुलिस और सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का प्रयास जारी है, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था बहाल की जा सके।

मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी से की मुलाकात, बस्तर विकास का रोडमैप सौंपा


रायपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तीन दिवसीय दिल्ली प्रवास के बाद गुरुवार सुबह रायपुर लौट आए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश से मुलाकात हुई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से नक्सलवाद की समस्या से मुक्ति दिलाने के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही बस्तर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए विस्तृत रोडमैप भी प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि देश की जनता का विश्वास एनडीए और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बना हुआ है। असम सहित विभिन्न राज्यों में पार्टी की स्थिति मजबूत है और आगामी चुनावों में बेहतर परिणाम की उम्मीद है। साय ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जा रहा है। इस अधिनियम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिसका वे स्वागत करते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष और संगठन पदाधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com