रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर ने ही मंगलसूत्र से गला घोंटकर की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मृतका की पहचान धनेश्वरी विश्वकर्मा (32 वर्ष) के रूप में हुई है।
बीते 1 अप्रैल को जिंदल अस्पताल पतरापाली से महिला की आकस्मिक मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गले पर दबाव से दम घुटना बताया गया, जिसे “हॉमीसाइडल” (हत्या) घोषित किया गया। इसके बाद मामला हत्या में बदल गया। जांच के दौरान पुलिस का संदेह मृतका के लिव-इन पार्टनर विकेश बरेठ (26 वर्ष) पर गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि विवाद के दौरान उसने महिला के मंगलसूत्र से गला घोंट दिया।
पुलिस के अनुसार दोनों पिछले चार साल से साथ रह रहे थे। विवाह और निजी विवाद को लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़ा होता था। घटना के दिन भी दोनों का विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी विकेश बरेठ ने पीछे से मंगलसूत्र खींचकर गला घोंट दिया। बाद में आरोपी महिला को अस्पताल लेकर गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।





