विश्व स्वास्थ्य दिवस पर पुलिस जवानों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस द्वारा चेतना भवन पुलिस लाइन में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 6 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें 300 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

यह आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में किया गया। शिविर में हृदय, श्वास, छाती, मधुमेह, रक्तचाप, हड्डी एवं चर्म रोग सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच, परामर्श और उपचार प्रदान किया गया। 

चिकित्सा विशेषज्ञों ने यातायात जवानों को धूप व प्रदूषण से बचाव के अलावा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। यातायात पुलिस सहित सुरक्षा में तैनात जवानों को लगातार धूप, धूल, बारिश और प्रदूषण जैसी परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है। ऐसे में उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई।

एसएसपी रजनेश सिंह ने जवानों को समय पर भोजन, पर्याप्त नींद और संतुलित आहार लेने की सलाह दी, ताकि वे ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। वहीं, शिविर के अध्यक्ष डॉ. अभय गुप्ता ने अधिक नमक और शक्कर से परहेज तथा नियमित व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

नाइट क्लब पार्टी का वीडियो वायरल, शराब परोसने और देर रात तक चला जश्न


रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत छेरीखेड़ी स्थित पियानो प्रोजेक्ट क्लब में आयोजित पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में इन्फ्लुएंसर पार्टी में मौजूद युवतियों को अपने हाथों से शराब परोसते नजर आ रहे हैं, वहीं तेज डीजे की धुन पर लोग देर रात तक झूमते दिखाई दे रहे हैं। 

जानकारी के अनुसार, रविवार को क्लब में विशेष पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें मुंबई से इन्फ्लुएंसर और कुछ कलाकार पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान क्लब में तेज आवाज में गाने बजते रहे और देर रात तक पार्टी जारी रही। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला इन्फ्लुएंसर पार्टी में मौजूद लोगों को शराब परोस रही हैं। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

सूत्रों के मुताबिक, नाइट क्लब संचालन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के बावजूद देर रात तक गतिविधियां जारी रहीं, जिससे नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है। मामले में मंदिर हसौद पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। पेट्रोलिंग टीम ने मौके का जायजा लिया है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ढाई महीने की शादी, नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान


सरगुजा। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत केपी गांव में रविवार शाम एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा गिरी (18 वर्ष) की शादी करीब ढाई महीने पहले मुकेश गिरी (19 वर्ष) के साथ हुई थी। रविवार को पूजा ने अपने पति को फोन कर घर बुलाया और तबीयत खराब होने की जानकारी दी। पति के घर पहुंचने पर उसने सामान्य व्यवहार किया और उसे गले लगाया, लेकिन कुछ देर बाद वह कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजन घबरा गए। उन्होंने छप्पर तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पूजा साड़ी के फंदे से लटकी मिली। उसे तत्काल नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस पूछताछ में पति ने बताया कि पूजा छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी। घटना के समय वह बाहर गया हुआ था और पत्नी के बुलाने पर घर लौटा था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में जांच के बाद ही वस्तुस्थिति स्पष्ट करने की बात कह रही है। आत्महत्या के कारण और उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर फिलहाल पूछताछ जारी है।  

गांजा तस्करी पर रतनपुर पुलिस का वार, कार से 3.3 किलो गांजा बरामद


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेण्ड्रा से बिलासपुर की ओर गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.329 किलोग्राम गांजा, कार, वॉकी-टॉकी और मोबाइल सहित कुल 6 लाख 77 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की कार में गांजा लेकर बिलासपुर की ओर आ रहा है। इस पर थाना रतनपुर पुलिस ने ग्राम घासीपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से गांजा बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने सौरभ मिश्रा (26 वर्ष), निवासी गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा बिलासपुर में बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.329 किलोग्राम (कीमत ₹1,65,000) गांजा, एक कार, 2 वॉकी-टॉकी और एक मोबाइल समेत कुल  ₹6,77,000 का माल मशरूका बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com