Slider

ढाई महीने की शादी, नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

पति को घर बुलाकर गले लगाया, फिर कमरे में बंद होकर उठाया कदम; सरगुजा में सनसनी


सरगुजा। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत केपी गांव में रविवार शाम एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा गिरी (18 वर्ष) की शादी करीब ढाई महीने पहले मुकेश गिरी (19 वर्ष) के साथ हुई थी। रविवार को पूजा ने अपने पति को फोन कर घर बुलाया और तबीयत खराब होने की जानकारी दी। पति के घर पहुंचने पर उसने सामान्य व्यवहार किया और उसे गले लगाया, लेकिन कुछ देर बाद वह कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजन घबरा गए। उन्होंने छप्पर तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पूजा साड़ी के फंदे से लटकी मिली। उसे तत्काल नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस पूछताछ में पति ने बताया कि पूजा छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी। घटना के समय वह बाहर गया हुआ था और पत्नी के बुलाने पर घर लौटा था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में जांच के बाद ही वस्तुस्थिति स्पष्ट करने की बात कह रही है। आत्महत्या के कारण और उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर फिलहाल पूछताछ जारी है।  

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com