बिलासपुर । TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और पुलिस, नगर सेना तथा एनसीसी की 13 प्लाटूनों ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।
समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और सीसीएफ मनोज पांडे समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा गया
ध्वजारोहण के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य में विकास एवं जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
तिरंगा और नशामुक्ति की शपथ
समारोह के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को तिरंगा शपथ दिलाई। वहीं ब्रह्मकुमारी दीदी ने लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया गया।
शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान
समारोह का एक भावुक क्षण तब आया, जब नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को केंद्रीय राज्यमंत्री ने सम्मानित किया। इस दौरान लोगों ने शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया।
इसके अलावा सरकारी कार्यों और अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के 50 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
महिला प्लाटून ने परेड में बाजी मारी
परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल महिला प्लाटून ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि नगर सेना महिला दूसरे स्थान पर रही।
जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर ने पहला, एनसीसी सीनियर गर्ल्स ने दूसरा और एनसीसी सीनियर बॉयज ने तीसरा स्थान हासिल किया।
देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला को पहला, एलसीआईटी बोदरी को दूसरा और दिल्ली पब्लिक स्कूल को तीसरा स्थान मिला। नेशनल कॉन्वेंट स्कूल और पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में सुश्री कनक साहू ने ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन सौरभ सक्सेना और मुकुल शर्मा ने किया।

.jpeg)


