बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेण्ड्रा से बिलासपुर की ओर गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.329 किलोग्राम गांजा, कार, वॉकी-टॉकी और मोबाइल सहित कुल 6 लाख 77 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की कार में गांजा लेकर बिलासपुर की ओर आ रहा है। इस पर थाना रतनपुर पुलिस ने ग्राम घासीपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से गांजा बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने सौरभ मिश्रा (26 वर्ष), निवासी गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा बिलासपुर में बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.329 किलोग्राम (कीमत ₹1,65,000) गांजा, एक कार, 2 वॉकी-टॉकी और एक मोबाइल समेत कुल ₹6,77,000 का माल मशरूका बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
