Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

SSP शशि मोहन सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक, CM साय ने किया सम्मानित

1997 में राज्य पुलिस सेवा से शुरू हुआ था शशि मोहन सिंह का सफर

रायगढ़ ।  TODAY छत्तीसगढ़  /  रायपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों और कर्मचारियों को इस वर्ष राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुना गया था। इनमें शशि मोहन सिंह का नाम सराहनीय सेवा के लिए शामिल था। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के हाथों पदक मिलने के बाद रायगढ़ पुलिस में खुशी और गर्व का माहौल है।

शशि मोहन सिंह ने वर्ष 1997 में राज्य पुलिस सेवा में चयन के साथ अपने पुलिस करियर की शुरुआत की। उन्होंने मध्य प्रदेश के होशंगाबाद, इटारसी और भोपाल समेत कई स्थानों पर सेवाएं दीं।

छत्तीसगढ़ बनने के बाद उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। बाद में 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में उन्होंने मैदानी जिलों के साथ-साथ नक्सल प्रभावित इलाकों में भी पुलिसिंग की। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा और जनसेवा से जुड़ी जिम्मेदारियों के दौरान उनके अनुभव और नेतृत्व को पुलिस सेवा में महत्वपूर्ण माना गया है।

शशि मोहन सिंह का एक रचनात्मक पक्ष भी है। पुलिस सेवा के अलावा उनकी रुचि अभिनय, कविता और लेखन में रही है।

रायगढ़ पुलिस के मुताबिक, उन्होंने इन माध्यमों का इस्तेमाल पुलिस और समाज के बीच संवाद बेहतर बनाने तथा संवेदनशील पुलिसिंग और सकारात्मक सामाजिक संदेशों को आगे बढ़ाने के लिए भी किया है।

राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलने के बाद रायगढ़ पुलिस परिवार ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों, सहकर्मियों तथा शुभचिंतकों ने एसएसपी शशि मोहन सिंह को बधाई दी है। 

यह सम्मान उनके लंबे पुलिस सेवाकाल में निभाई गई जिम्मेदारियों और सेवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान के तौर पर देखा जा रहा है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा