Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

गेट पर ताला फिर भी नहीं माने, खूंटाघाट वेस्टवियर के खतरनाक हिस्से में पहुंचे लोग

सेल्फी का जुनून पड़ा भारी, पुलिस ने कराई उठक-बैठक

बिलासपुर । TODAY छत्तीसगढ़  / बारिश के मौसम में खूंटाघाट वेस्टवियर के तेज बहाव के बीच सेल्फी और वीडियो बनाने पहुंचे लोगों के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, वेस्टवियर पर पानी के तेज बहाव और खतरे को देखते हुए आम लोगों की सुरक्षा के लिए गेट पर ताला लगाया गया था, लेकिन कुछ लोग गेट लांघकर प्रतिबंधित हिस्से में पहुंच गए।

रविवार को सामने आई तस्वीरों में कुछ लोग पानी के तेज बहाव के बेहद करीब खड़े होकर सेल्फी और वीडियो बनाते दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोग अपने परिवार, बच्चों और महिलाओं के साथ भी इस खतरनाक स्थान तक पहुंच गए थे।

जानकारी मिलने के बाद रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गेट पार कर अंदर गए लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने उन्हें फटकार लगाते हुए समझाया कि गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों के करीब जाना जानलेवा हो सकता है।

पुलिस ने लोगों से कहा कि सोशल मीडिया के लिए रील या सेल्फी बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें। लापरवाही करने वाले कुछ लोगों को मौके पर उठक-बैठक कराकर चेतावनी भी दी गई।

पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान नदी, नाले, डैम और वेस्टवियर में अचानक पानी का बहाव बढ़ सकता है। ऐसे स्थानों पर पानी की गहराई और बहाव का अनुमान लगाना मुश्किल होता है। इसलिए सुरक्षा के लिए लगाए गए गेट और बैरिकेड को पार करना जोखिम भरा हो सकता है। रतनपुर पुलिस ने कहा कि खूंटाघाट समेत क्षेत्र के नदी-नालों, डैम और वेस्टवियर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान तेज बहाव और गहरे पानी वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। खासकर बच्चों और परिवार के साथ ऐसे स्थानों पर जाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।

पुलिस का संदेश है कि सेल्फी और रील जिंदगी से बड़ी नहीं हैं। कुछ सेकंड का वीडियो बनाने के लिए जान जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा