‘सशक्त एप’: टेक्नोलॉजी बनी हथियार, वाहन चेकिंग में पकड़ाया चोर


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  तकनीक के इस्तेमाल से अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए सरकंडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित ‘सशक्त एप’ के माध्यम से वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से वर्ष 2019 में चोरी हुई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ‘सशक्त एप’ के जरिए नियमित रूप से वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की जा रही है। इसी दौरान चेकिंग के वक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 5639 को सर्च किया गया, जिसमें यह वाहन वर्ष 2019 में चोरी होना पाया गया। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान रोशन शर्मा (18 वर्ष 5 माह) निवासी ग्राम कंतेली, जिला मुंगेली, हाल मुकाम तिफरा काली मंदिर के पास, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2019 में सरकंडा स्थित बंधु कॉम्प्लेक्स के सामने से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। 

जंगली सुअर का शिकार: मांस पकाते पकड़े गए पांच आरोपी, न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  वन्य जीव संरक्षण को लेकर सख्ती दिखाते हुए वन विभाग ने जंगली सुअर के शिकार और उसका मांस पकाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी बेलगहना देव सिंह मरावी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अट्टडा गांव में जंगली सुअर का मांस पकाया जा रहा है।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां पका हुआ मांस बरामद किया गया। इसके साथ ही मांस काटने और पकाने में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें एक-एक कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वन अपराध करना स्वीकार कर लिया।

वन विभाग ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण क्रमांक 11386/25 दिनांक 1 अप्रैल 2026 को दर्ज कर पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रूपलाल (29 वर्ष), नितिन (19 वर्ष), संदीप (20 वर्ष), गोविंद (54 वर्ष) और रामकुमार (51 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी अट्टडा गांव के निवासी बताए गए हैं। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।

CCTV फुटेज वायरल: होटल के बाहर देखते रहे लोग, युवती को पीटता रहा आरोपी


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक युवती के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आने से शहर में सनसनी फैल गई है। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के बाहर उसके ही पूर्व परिचित युवक ने लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी युवती बिलासपुर में हॉस्टल में रहकर एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। 31 मार्च को वह अपने एक परिचित युवक के साथ सरकंडा इलाके के एक होटल में ठहरी हुई थी। इसी दौरान सुबह उसका पूर्व परिचित विवेक खटिक होटल पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि जैसे ही युवती कमरे से बाहर निकली, आरोपी ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने युवती पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे और किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल में रुकने को लेकर हुए विवाद के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। मारपीट की पूरी घटना CCTV में रिकॉर्ड हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। 


महिला फुटबॉल में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, झारखंड को हराकर जीता स्वर्ण पदक


रायपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम कोटा में खेले गए महिला फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच रोमांचक और कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने मजबूत खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं। दोनों पक्षों के खिलाड़ियों ने शानदार रक्षा और आक्रमण का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को बेहद रोमांचक बनाए रखा।

दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए छत्तीसगढ़ की कप्तान किरण पिस्दा ने एक महत्वपूर्ण गोल किया और 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद टीम ने अपनी इस बढ़त को अंत तक बनाए रखा। अंततः छत्तीसगढ़ ने झारखंड को 1-0 से हराकर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार खेल कौशल और टीमवर्क का परिचय दिया। यह मुकाबला पूरे समय दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहा और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया।  इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती तनुजा सलाम, खेल विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में खिलाड़ी तथा खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

------------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com