Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

अब शाम होते ही कोसा में पुलिस की पेट्रोलिंग, रिटायर्ड पुलिसकर्मी बनेंगे 'पुलिस मित्र'

नशामुक्ति से महिला सुरक्षा तक, कोसा में सामुदायिक पुलिसिंग को पुलिस ने दिया नया विस्तार


TODAY छत्तीसगढ़  /  जांजगीर-चांपा: जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए नया पुलिस बीट पोस्ट और पुलिस मितान पोस्ट शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की पहल पर शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य गांव में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद बढ़ाना है।

शाम होते ही गांव में होगी सघन पेट्रोलिंग

पुलिस के मुताबिक, बीट पोस्ट के माध्यम से कोसा में रोजाना शाम को सघन पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस टीम ग्रामीणों से सीधे संवाद करेगी और क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेगी।

पुलिस मितान पोस्ट के तहत स्थानीय नागरिकों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सहभागिता भी ली जाएगी। गांव में शिक्षा, रोजगार, साफ-सफाई, सुरक्षा और शांति व्यवस्था जैसे मुद्दों पर नियमित चर्चा की जाएगी।

महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, बनी महिला कमांडो टीम

कार्यक्रम के दौरान गांव की सक्रिय और जागरूक महिलाओं को जोड़कर महिला कमांडो टीम का गठन भी किया गया। पुलिस के अनुसार, टीम महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और गांव में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए पुलिस के साथ सहयोग करेगी।

नशामुक्ति को लेकर ग्रामीणों से संवाद

कार्यक्रम में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों से नशे के दुष्प्रभावों को लेकर बातचीत की। उन्होंने नशापान से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।

पुलिस का कहना है कि गांव में नशामुक्ति को लेकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम और संवाद भी किए जाएंगे।

पुलिस-जनता के बीच बढ़ेगा संवाद

पुलिस के मुताबिक, बीट पोस्ट और पुलिस मितान पोस्ट की व्यवस्था का उद्देश्य सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए पुलिस और जनता के बीच विश्वास व सहभागिता बढ़ाना है। इसके साथ ही अपराधों की रोकथाम और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर रहेगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मुलमुला थाना प्रभारी शिवानंद सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा