बिलासपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने स्कूल भवन, मोबाइल नेटवर्क, बिजली ट्रांसफार्मर, लंबित भुगतान, क्षतिग्रस्त मकान, वेतन और निराश्रित पेंशन से जुड़ी शिकायतें और मांगें रखीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को मामलों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जर्जर स्कूल भवन की जगह नए भवन की मांग
कोटा विकासखंड के ग्राम पंचायत बछालीखुर्द के सरपंच ने डबरीपारा स्थित प्राथमिक शाला के लिए नए भवन और मोबाइल टावर लगाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन जर्जर होने के कारण बच्चों को करीब एक किलोमीटर दूर कृषि भवन में पढ़ने जाना पड़ रहा है।
सरपंच के मुताबिक, गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण शासकीय कार्यों और वीबी-जीरामजी योजना के तहत मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में भी परेशानी आती है।
ओवरलोड ट्रांसफार्मर बदलने की मांग
लाखासार आवास मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आबादी बढ़ने के कारण वहां लगा 25 केवी का ट्रांसफार्मर बार-बार ओवरलोड होकर बंद हो जाता है। रहवासियों ने इसकी क्षमता बढ़ाकर 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की, ताकि बच्चों की पढ़ाई और आम जनजीवन प्रभावित न हो।
लंबित भुगतान और बारिश से ..
तखतपुर विकासखंड के धजाराम पटेल ने ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण कार्य की लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की। वहीं पचपेड़ी निवासी श्यामलाल ने बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मकान की मरम्मत के लिए सहायता राशि दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर की मरम्मत कराना मुश्किल है और बारिश में छत भी टूट गई है।
13 महीने से वेतन नहीं मिलने की शिकायत
सकरी स्थित वन विभाग के शासकीय डिपो में करीब 10 वर्षों से सुरक्षा श्रमिक के रूप में कार्यरत बलराम यादव ने 13 महीने से पारिश्रमिक नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।
महिलाओं ने मांगी रुकी हुई निराश्रित पेंशन
तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भरारी (भुण्डा) की महिलाओं ने लंबे समय से रुकी हुई निराश्रित पेंशन शुरू कराने का आग्रह किया। महिलाओं ने बताया कि पेंशन नहीं मिलने से रोजमर्रा के जीवन-यापन में परेशानी हो रही है।
जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर और एसएसपी ने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।

