रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करने वाले एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर हथियार जैसी वस्तुओं के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट कर भय या दहशत का माहौल बनाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस ने बताया कि थाना टिकरापारा को सूचना मिली थी कि एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइटर पिस्टल के साथ अपनी तस्वीर अपलोड की है। सूचना के सत्यापन के बाद युवक की पहचान राहुल छतरी (27), निवासी मठपुरैन बीएसयूपी कॉलोनी, टिकरापारा के रूप में की गई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ और जांच के दौरान युवक द्वारा लाइटर पिस्टल के साथ फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करना पाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो और आम लोगों में किसी प्रकार का भय या भ्रम का वातावरण उत्पन्न न हो।
कार्रवाई के बाद युवक को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
नोट: यह खबर रायपुर पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। पुलिस की कार्रवाई प्रतिबंधात्मक प्रकृति की है और इस मामले में किसी अन्य पक्ष का बयान प्रेस विज्ञप्ति में उपलब्ध नहीं है।

