Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

स्कूल पहुंचे पुलिस अधिकारी, छात्रों को दिए सुरक्षा के खास टिप्स

विद्यार्थियों को यातायात नियम और साइबर सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर और थाना न्यू राजेंद्र नगर ने बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अमलीडीह में यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, सुरक्षित यातायात व्यवहार और साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी देना था। इसमें करीब 300 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को गुड सेमेरिटन (Good Samaritan) योजना और सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए उपलब्ध कैशलेस उपचार संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही एम परिवहन (mParivahan) ऐप, ई-चालान प्रणाली, सीसीटीवी और एआई आधारित ट्रैफिक कैमरों की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया।

एसीपी ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने बताया कि मोटरयान अधिनियम की धारा 199(क) के तहत ऐसी स्थिति में वाहन स्वामी और अभिभावक के विरुद्ध भी कार्रवाई का प्रावधान है।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी मोहम्मद अजहरुद्दीन ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराध होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती एंथोनी ने कार्यक्रम के लिए कमिश्नरेट पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और सुरक्षित डिजिटल व सड़क व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा