Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

रेलवन ऐप के 4.55 करोड़ डाउनलोड, प्रतिदिन 9.65 लाख टिकट हो रहे बुक

एक ऐप में टिकट, ट्रेन ट्रैकिंग और शिकायत की सुविधा, रेलवन का बढ़ा उपयोग

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / भारतीय रेलवे ने यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित रेलवन (RailOne) मोबाइल ऐप को तेजी से लोकप्रिय होने का दावा किया है। रेलवे के अनुसार, अब तक इस ऐप को 4.55 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है तथा इसके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 9.65 लाख टिकट बुक किए जा रहे हैं। इनमें लगभग 2.75 लाख आरक्षित और 6.89 लाख अनारक्षित टिकट शामिल हैं।

रेलवे के मुताबिक, रेलवन ऐप यात्रियों के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करता है, जहां आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग के अलावा ट्रेन की लाइव स्थिति, पीएनआर संबंधी जानकारी, शिकायत दर्ज करने, ई-कैटरिंग के जरिए भोजन ऑर्डर करने और अन्य कई सुविधाएं उपलब्ध हैं।

रेलवे ने बताया कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। यह सुविधा केवल रेलवन ऐप से डिजिटल भुगतान कर खरीदे गए अनारक्षित टिकटों पर लागू होगी।

रेलवे का कहना है कि ऐप के जरिए टिकट बुक करने से यात्रियों को टिकट काउंटरों की लंबी कतारों से राहत मिलती है, समय की बचत होती है, नकद लेन-देन की आवश्यकता कम होती है और स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण में भी मदद मिलती है। 

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना, डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देना और यात्रा को अधिक सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने यात्रियों से रेलवन ऐप का उपयोग कर रेलवे की डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

नोट: यह खबर भारतीय रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें दिए गए डाउनलोड, टिकट बुकिंग और अन्य आंकड़े रेलवे के दावों के अनुसार हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा