रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम कठली में बड़े तालाब की मेड़ पर खुड़खुड़िया (झंडी-मुंडी) जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि दिनेश कुमार चौधरी (35), उमाकांत निषाद (25) और कमलेश निषाद (19) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,000 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक वीवो मोबाइल फोन, छह खुड़खुड़िया गोटियां, छह झंडी-मुंडी पट्टियां तथा एक बांस की टोकरी जब्त की। तीनों के खिलाफ थाना पुसौर में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसी अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने सुनील इस्पात, चिराईपानी के पास स्टाइगर जुआ खेले जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पंकज शर्मा (27) और रिषभ बाजपेई (23) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 500 रुपये नकद और तीन स्टाइगर गोटियां बरामद कीं। दोनों के खिलाफ भी छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

