Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सड़क पर उतरी पुलिस की पिंक टीम, महिलाओं को दिया सुरक्षा का भरोसा

नाबालिगों की बाइक ड्राइविंग पर भी सख्त हुई पुलिस

दुर्ग।  TODAY छत्तीसगढ़  / महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में पिंक पेट्रोलिंग अभियान चलाकर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के तहत महिला पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी कानूनों, पुलिस सहायता सेवाओं और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी।

अभियान में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों, महिला उप निरीक्षकों और पिंक पेट्रोलिंग टीम ने मैत्री गार्डन, संडे मार्केट सुपेला, महमरा एनीकट और ट्रैफिक पार्क (सिविक सेंटर) भिलाई नगर सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया।

इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091, अभिव्यक्ति ऐप, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई तथा अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कर उसके उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर दोपहिया वाहन चलाते मिले नाबालिगों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस ने उनके अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, पिंक पेट्रोलिंग अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें पुलिस सहायता तंत्र से जोड़ना तथा सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करने, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091 अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा