Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

'तीन दिन बाद भी नहीं मिली राहत', कांग्रेस ने प्रशासन को घेरा

पीड़ितों के बीच पहुंचे विजय केशरवानी, सुनीं लोगों की परेशानियां

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों को लेकर नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मूसलाधार बारिश और बाढ़ के तीन दिन बाद भी बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कई प्रभावित वार्डों में जरूरतमंद परिवारों तक प्रभावी राहत नहीं पहुंच सकी है।

विजय केशरवानी ने खतराई, बहतराई, बिजौर सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और सहयोगियों के साथ जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था भी कराई।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा के समय राहत और बचाव कार्य प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन कई प्रभावित परिवार अब भी भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक राहत सामग्री के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का राहत तंत्र अपेक्षित स्तर पर काम नहीं कर पाया है।

दौरे के दौरान प्रभावित परिवारों ने बताया कि बाढ़ में उनके घरों का राशन, बर्तन, बिस्तर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान खराब या बह गए हैं। कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। लोगों ने यह भी बताया कि बच्चों की किताबें, कॉपियां, मार्कशीट तथा राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी नष्ट हो गए हैं।

विजय केशरवानी ने जिला प्रशासन से सभी बाढ़ प्रभावित वार्डों का तत्काल सर्वे कराने, प्रत्येक प्रभावित परिवार को खाद्यान्न, आवश्यक घरेलू सामग्री एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा देने तथा नष्ट हुए दस्तावेजों के पुनर्निर्माण के लिए विशेष शिविर लगाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को समय पर राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उनके साथ दौरे के दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा