Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

दिवंगत आरक्षक के परिवार से 19 लाख की कथित वसूली, थाना प्रभारी गिरफ्तार

नारायणपुर में बीमा राशि मामले में थाना प्रभारी गिरफ्तार, अधिवक्ता की तलाश

रायपुर/नारायणपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / नारायणपुर में सड़क दुर्घटना में दिवंगत डीएसएफ आरक्षक के परिजनों से दुर्घटना बीमा राशि दिलाने के नाम पर अवैध वसूली के आरोप में पुलिस ने तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में सह-आरोपी अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना में डीएसएफ आरक्षक धनेश्वर नुरेटी की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी के बैंक खाते में भारतीय स्टेट बैंक के वेतन पैकेज के तहत एक करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा राशि प्राप्त हुई थी। आरोप है कि तत्कालीन थाना प्रभारी और अधिवक्ता ने बीमा राशि दिलाने के नाम पर मृतक के परिजनों से 19 लाख रुपये ले लिए।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर शेष बीमा राशि में भी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की। विरोध करने पर परिजनों को कानूनी कार्रवाई में फंसाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर थाना कोतवाली नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318, 308 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि सह-आरोपी अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की विवेचना जारी है।

राज्य सरकार ने इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के मामलों में अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई कार्रवाई बताया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपों की जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा