रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर पोस्ट कर अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली भारतीय खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप 2026 में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली ईशा सिंह और कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर की सराहना करते हुए लिखा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर विश्व मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और लगन से नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगी और देश का गौरव बढ़ाएंगी।
बेटियों ने फिर बढ़ाया भारत का मान !!
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) July 27, 2026
ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप 2026 में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेता ईशा सिंह तथा कांस्य पदक विजेता मनु भाकर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।
आप दोनों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विश्व मंच पर एक बार फिर तिरंगे का गौरव… pic.twitter.com/0iNvlcXeMg
एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने वैश्विक मंच पर देश और राज्य का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में उल्लेख किया कि राजनांदगांव की रहने वाली और छत्तीसगढ़ पुलिस में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) के पद पर कार्यरत ज्ञानेश्वरी यादव की यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खेल और सेवा दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

