Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

जमीन विवाद में जानलेवा हमले के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

कार, बाइक और हथियार के साथ पुलिस ने दबोचे आरोपी

दुर्ग।  TODAY छत्तीसगढ़  / मोहन नगर थाना क्षेत्र में जमीन की खरीदी-बिक्री के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में कथित जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और धारदार हथियार बरामद किए गए हैं, जबकि मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई को प्रार्थी विनय कुमार सिंह अपने जीजा नरेंद्र सिंह और साथी रूपेश यादव के साथ देवभूमि लेआउट स्थित कार्यालय में जमीन की खरीदी-बिक्री के हिसाब-किताब के सिलसिले में पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लोगों ने विवाद के दौरान गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में नरेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों को गंभीर चोटें आईं और नरेंद्र सिंह बेहोश होकर गिर गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना मोहन नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान पूर्व नियोजित षड्यंत्र और सामूहिक अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने इस मामले में विक्की सिंह (41), रंजीत कुमार सिंह (43), रोशन लाल साहू (44), पप्पू कुमार सिंह (39) और विजय मेनन (40) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कथित मेमोरेंडम के आधार पर कार क्रमांक CG 07 CP 6008, एक मोटरसाइकिल और एक धारदार हथियार जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भूमि, वित्तीय या व्यक्तिगत विवादों का समाधान कानूनी एवं शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा