Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

‘मन की बात’ में फिर गूंजा छत्तीसगढ़ का नाम, मुख्यमंत्री ने जताया गर्व

छत्तीसगढ़ का बार-बार उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव : साय

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और नवाचारों का उल्लेख किया जाना प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और जन-अभियानों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बन गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री ने मल्हार की पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम और अब कोरबा में जल संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख कर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत कोरबा में वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। शासन के अनुसार, कोरबा में भू-स्थानिक मैपिंग, शैलो एक्विफर मैनेजमेंट, रिचार्ज वेल और अन्य आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जल संरक्षण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, तालाबों के संरक्षण और वृक्षारोपण को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों का शौर्य और बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की भी अपील की।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ के कोसा, हथकरघा वस्त्र, बेलमेटल, बांस शिल्प, माटी कला और वन उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही आगामी गणेशोत्सव के दौरान मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं के उपयोग और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में सहभागिता का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार भी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, खेल सुविधाएं और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा और नागरिक उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा