Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सुसाइड नोट में सिर्फ एक शब्द—'सॉरी', फिर खत्म कर ली जिंदगी

किराए के कमरे में मिला छात्र का शव, पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में किराए के कमरे में रह रहे 23 वर्षीय एलएलबी छात्र की कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो गई। पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें केवल "सॉरी" लिखा हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अंबिकापुर निवासी अभिषेक यादव (23), पिता गुरुप्रसाद यादव, के रूप में हुई है। वह बिलासपुर के एक निजी महाविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था और अशोक नगर स्थित किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करता था। उसके पिता पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर पदस्थ हैं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को अभिषेक कॉलेज से अपने कमरे पर लौटा था। इसके बाद वह बाहर नहीं निकला। शुक्रवार शाम तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर उसके दोस्तों को संदेह हुआ। उन्होंने कमरे के भीतर देखा तो अभिषेक अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची।

कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें केवल "सॉरी" लिखा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा, जहां शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया।

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए छात्र के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा