बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा 19 जुलाई (रविवार) को प्री-बीएड एवं प्री-डीएलएड प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा शहर के 35 परीक्षा केंद्रों में दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और यातायात विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं।
पहली पाली में प्री-बीएड प्रवेश परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक तथा दूसरी पाली में प्री-डीएलएड प्रवेश परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में बिलासपुर सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
इसे देखते हुए शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू की गई है। प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, पुल-पुलिया, संकीर्ण सड़कों, शॉपिंग मॉल, शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस और यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में आवश्यकतानुसार मार्गों का डायवर्जन भी किया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान, विशेषकर सुबह परीक्षा शुरू होने से पहले और शाम परीक्षा समाप्त होने के बाद, शहर में ट्रैफिक दबाव अधिक रहेगा। ऐसे में लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए शहर के बाहरी और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

