रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / सूर्योदय प्लांट के एक सुरक्षा गार्ड से लूटपाट कर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड और बैंक खाते से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जशपुर जिले के तपकरा निवासी कुबेर कुमार यादव (25) वर्तमान में सूर्योदय प्लांट कॉलोनी में रहकर सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने 14 जुलाई को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे वह कंपनी से तुमीडीह बाजार की ओर पैदल जा रहे थे। कंपनी के मुख्य गेट से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल, पर्स तथा नकदी देने की मांग की।
पीड़ित द्वारा विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से उनके पेट के पास वार कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उनका वीवो T3 मोबाइल, पर्स और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
फोन-पे से 30 हजार रुपये भी ट्रांसफर
लूट के बाद आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल का इस्तेमाल कर उसके फोन-पे खाते से 30 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। यह डिजिटल ट्रांजेक्शन जांच के दौरान पुलिस के लिए अहम साक्ष्य साबित हुआ।
मुखबिर की सूचना पर तीनों दबोचे गए
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल तीन युवक वेजौन कंपनी, चिराईपानी के पास घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ और पीड़ित से पहचान कराने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। वहीं जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड और फोन-पे ट्रांजेक्शन से जुड़े बैंक रिकॉर्ड जब्त किए गए।
तीनों आरोपी जेल भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई— कुलदीप सिंह (33 वर्ष), निवासी बेला झरिया, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, वर्तमान में पूंजीपथरा। जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21 वर्ष), निवासी ग्राम कचकोबा, थाना तमनार और अनिकेत धनवार (19 वर्ष), निवासी ग्राम कसडोल, थाना तमनार शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूर्व में भी दर्ज है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह पहले भी ट्रेलर वाहन चोरी के मामले में आरोपी रह चुका है। पुलिस अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी उसकी जानकारी जुटा रही है।

