Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

रतनपुर-कोटा मार्ग पर देर रात लूटपाट, चार बदमाश गिरफ्तार; दो बाइक और ₹6300 जब्त

रात 1:30 बजे हाईवे पर मचाया आतंक, कुछ घंटों में पुलिस ने दबोचे चार लुटेरे

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर-कोटा मार्ग पर देर रात दो अलग-अलग राहगीरों से लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और 6300 रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, भेड़ीमुड़ा निवासी भारत कुमार सूर्यवंशी ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने मामा के गांव नेवरा (कोटा) से 15 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे मोटरसाइकिल से लौट रहा था। रतनपुर-कोटा मार्ग स्थित भैंसाझार मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने उसकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया और जेब में रखे 5 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

इसी दौरान कोटा की ओर से रतनपुर आ रहे अरुण कुमार राज (निवासी ग्राम खैरा) को भी आरोपियों ने रोक लिया। उसके साथ गाली-गलौज और धमकी देकर 15 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया।

पुराने लुटेरे निकले आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़ितों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस को संदेह पूर्व में लूट के मामले में गिरफ्तार हो चुके गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी पर गया।

राजा सारथी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी और उसका एक हिस्सा खर्च भी कर चुके थे। 

दो बाइक और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त यामाहा आर-15 और बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल जब्त की। इसके अलावा 6300 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

आदतन बदमाश हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी लूट की वारदातों में संलिप्त रहे हैं और उनके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा