रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / बड़पारा शराब भट्ठी के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगकर युवक से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को रायगढ़ की कोतवाली पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अजमानतीय धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, भरत सिंह ध्रुव (24 वर्ष) निवासी ईतवारी बाजार के पास, बड़पारा ने 13 जुलाई को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि दोपहर करीब एक बजे वह बड़पारा स्थित शराब भट्ठी में शराब खरीदने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद बिट्टू सारथी, अज्जू बनसदा और आकाश चौहान ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ पकड़कर मुक्कों से मारपीट कर घायल कर दिया।
घंटों में गिरफ्तार हुए आरोपी
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
- आकाश चौहान (19 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, गांडा पारा, रायगढ़।
- अज्जू बनसदा (35 वर्ष), निवासी चमड़ा गोदाम, वार्ड क्रमांक-38, रायगढ़।
- बिट्टू सारथी (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-11, चांदनी चौक, फारूकी गली, रायगढ़।
पहले भी विवादों में रहे हैं शामिल
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों की प्रवृत्ति पहले से ही झगड़ा-विवाद करने की रही है। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, जबरन वसूली और आम लोगों के साथ मारपीट करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

