जशपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सरगुजा रेंज में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 552.16 किलोग्राम अवैध गांजा, तीन कारें और दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत की गई। मामले में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह द्वारा साझा की गई खुफिया सूचना के आधार पर जशपुर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कुनकुरी में इनोवा से मिला 311 किलो गांजा
पहली कार्रवाई थाना कुनकुरी क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक इनोवा (OD-17J-0205) में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर अंबिकापुर की ओर जा रहे हैं। नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करने पर उसने वाहन जंगल के पास छोड़ दिया और फरार हो गया।
वाहन की तलाशी में 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 46.70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इनोवा कार भी जब्त कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है। फरार चालक की तलाश जारी है।
बगीचा में दो कारों से 240 किलो गांजा, दो गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई थाना बगीचा क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने ब्रेजा और आर्टिगा कार की घेराबंदी की। ब्रेजा का चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला, जबकि आर्टिगा में सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया।
दोनों वाहनों की तलाशी में 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा तस्करों के लिए रेकी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
- सचिन्द्र राउत (29 वर्ष), जिला सुंदरगढ़, ओडिशा
- मोहम्मद समीर (26 वर्ष), जिला सुंदरगढ़, ओडिशा
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की गई है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है। साथ ही गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है।
इस वर्ष अब तक 1.2 टन से ज्यादा गांजा जब्त
जशपुर पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक जिले में 1269.071 किलोग्राम गांजा, 1840 बोतल कफ सिरप, 875 नशीले इंजेक्शन, 130 गांजा पौधे और ब्राउन शुगर जब्त की जा चुकी है। इस दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहन भी जब्त किए गए हैं।
| कार्रवाई एक नजर में
- कुल गांजा बरामद: 552.16 किलोग्राम
- कुल कीमत: ₹82.82 लाख
- जब्त वाहन: 3 (इनोवा, ब्रेजा, आर्टिगा)
- वाहनों की अनुमानित कीमत: ₹38 लाख
- कुल जब्ती: ₹1.20 करोड़
- गिरफ्तार आरोपी: 2
- फरार आरोपी: 2 वाहन चालक
- मामला दर्ज: धारा 20(बी), एनडीपीएस एक्ट

