Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सुदूर वनांचल के छात्रों को डिजिटल शिक्षा की सौगात, मांझीगुडा स्कूल को मिले 10 कंप्यूटर

राज्यपाल ने विद्यालय के लिए कंप्यूटरों का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / बस्तर के सुदूर वनांचल क्षेत्र में अध्ययनरत विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में राज्यपाल रमेन डेका ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने अपने स्वेच्छानुदान मद से बस्तर जिले के दरभा विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा (चिंगपाल) को 10 कंप्यूटर प्रदान किए हैं।

लोक भवन में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने विद्यालय के लिए कंप्यूटरों का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया। इन कंप्यूटरों की खरीदी के लिए राज्यपाल ने पूर्व में स्वेच्छानुदान मद से स्वीकृति प्रदान की थी।

राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। इन कंप्यूटरों के माध्यम से दूरस्थ वनांचल के विद्यार्थियों को सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनके तकनीकी ज्ञान, डिजिटल कौशल और सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी। इससे विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतिस्पर्धी चुनौतियों के लिए भी बेहतर ढंग से तैयार होने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव सुश्री निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा (जिला बस्तर) के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा