Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

योग दिवस पर CM का बड़ा फ़ैसला: अब इस विभाग के पास होगी 'योग' की ज़िम्मेदारी

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लोकभवन में किया गया योगाभ्यास

TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 21 जून 2026 को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौक़े पर अंबिकापुर (सरगुजा) के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने हज़ारों नागरिकों, छात्रों और अधिकारियों के साथ योगाभ्यास किया और प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं. अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में योग के विस्तार और जनजातीय युवाओं की शिक्षा को लेकर कई अहम जानकारियां साझा कीं.

चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन होगा 'योग'

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक अहम नीतिगत फ़ैसले की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने 'योग' विषय को समाज कल्याण विभाग से हटाकर अब 'चिकित्सा शिक्षा विभाग' के अधीन लाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है.

मुख्यमंत्री के मुताबिक़, योग आयुष चिकित्सा पद्धति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. सरकार के इस फ़ैसले से राज्य में योग शिक्षा, इसके प्रशिक्षण और अनुसंधान (रिसर्च) को नई दिशा मिलेगी. सरकार का लक्ष्य इसे स्कूलों और कॉलेजों के ज़रिए गांव-गांव तक पहुंचाकर एक जनआंदोलन का रूप देना है.

'स्वस्थ आयु के लिए योग' और पीएम मोदी का ज़िक्र

इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" (Yoga for Healthy Aging) का ज़िक्र करते हुए सीएम साय ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों— जैसे तनाव, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मोटापे को रोकने में योग बेहद कारगर है.

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग को मिली पहचान का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया. सीएम ने कहा कि साल 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के प्रस्ताव को मिले व्यापक समर्थन से यह साबित हो गया है कि पूरी दुनिया ने भारतीय ज्ञान परंपरा और योग की अहमियत को स्वीकार कर लिया है.

आदिवासी छात्रों की UPSC में सफलता का ज़िक्र

योग दिवस के मंच से मुख्यमंत्री ने जनजातीय (आदिवासी) युवाओं की शिक्षा को लेकर राज्य सरकार के प्रयासों पर भी बात की.

  • सीटों में इज़ाफ़ा: उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित 'ट्राइबल यूथ हॉस्टल' में जनजातीय छात्रों के लिए सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है.

  • UPSC प्रीलिम्स में सफलता: मुख्यमंत्री ने ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए बताया कि राज्य सरकार के इन प्रयासों के सकारात्मक नतीजे आने लगे हैं और हाल ही में राज्य के जनजातीय वर्ग के 13 युवाओं ने यूपीएससी (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा पास की है, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है.

इस मौक़े पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा को भी श्रद्धांजलि दी और योग के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को याद किया. 

योग को जीवनशैली में शामिल करें - राज्यपाल 

राज्यपाल रमेन डेका आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योग शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। राज्यपाल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वाचन किया एवं सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।  

अपने संबोधन में राज्यपाल ने बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि यह हर्ष का विषय है कि पूरा छत्तीसगढ़ इस ऐतिहासिक अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहा है। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रहने की कामना की। 

श्री डेका ने प्रदेशवासियों से कहा कि योग को जीवनशैली में शामिल करें, प्रतिदिन योगाभ्यास की आदत बनाए और बच्चों को भी इसकी आदत डाले जिससे उनका शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और वे  भविष्य में देश के अच्छे नागरिक बनेंगे। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं बल्कि मन और भावनाओं को सुदृढ़ बनाकर व्यक्ति के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 

कोटमहर गार्डन में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 

नारायणपुर जिले के कोटमहर गार्डन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा जिलेवासियों को स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। योग तनाव को कम करने, कार्यक्षमता बढ़ाने और सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com