TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रविवार (28 जून) को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 135वीं कड़ी सुनी. इस अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों सहित कई जनप्रतिनिधि और आम नागरिक भी मौजूद रहे.
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने 'मन की बात' को जनभागीदारी और प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विचार देशवासियों को प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का ज़िक्र होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय रहा है.
'मन की बात' की 135वीं कड़ी के प्रमुख बिंदु
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा देश भर से साझा किए गए नवाचारों और ज़मीनी प्रयासों का उल्लेख किया, जिनमें प्रमुख हैं:
पर्यावरण व जल संरक्षण: आगामी गणेशोत्सव पर ईको-फ्रेंडली (मिट्टी की) प्रतिमाएं स्थापित करने का आह्वान और वर्षा जल संचयन को एक जन-आंदोलन बनाने की अपील.
सामाजिक सुरक्षा: 'प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना' और 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' के महत्व पर प्रकाश.
वन्यजीव संरक्षण और अंधविश्वास: विज्ञान और तर्क के ज़रिए समाज से अंधविश्वास मिटाने पर ज़ोर. साथ ही, असम की महिलाओं ('हरगिला आर्मी') द्वारा दुर्लभ पक्षी 'हरगिला' के संरक्षण प्रयासों की सराहना.
प्रकृति से समन्वय: प्रकृति और मानव के अद्भुत तालमेल के रूप में मेघालय के 'लिविंग रूट ब्रिज' (Living Root Bridges) का विशेष उल्लेख.
नवाचार व स्वच्छता: मध्य प्रदेश के राजगढ़ (ब्यावरा) की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक कचरे का उपयोग कर सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने की पहल.
खेल और संस्कृति: नगालैंड में 'नगालैंड बेबी लीग' और 'वुमन फुटसाल लीग' जैसी खेल पहलों का ज़िक्र. इसके अलावा, डोमिनिकन रिपब्लिक में वैदिक साहित्य के अध्ययन और नालंदा यूनिवर्सिटी के प्रयासों की सराहना की गई.
कार्यक्रम में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और विधायक गोमती साय विशेष रूप से उपस्थित थीं.
इनके अलावा, कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सच्चिदानंद उपासने और अखिलेश सोनी सहित कई अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
