Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

संडे के दिन जब शहर की सड़कों पर स्कूटी से निकले डिप्टी सीएम अरुण साव

3 घंटे तक लिया विकास कार्यों का जायज़ा, अरपा नदी को बचाने 251 करोड़ का प्रोजेक्ट किया पास

TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव रविवार को एक अलग ही अंदाज़ में नज़र आए। शहर के विकास और निर्माण कार्यों का ज़मीनी हक़ीक़त जानने के लिए वे अधिकारियों के साथ स्कूटी पर निकले और क़रीब तीन घंटे तक बिलासपुर शहर का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बिलासपुर की जीवनदायिनी 'अरपा नदी' को प्रदूषण मुक्त करने के लिए 250.93 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को सैद्धांतिक सहमति दे दी है। डिप्टी सीएम ने दोटूक कहा कि जनहित के कार्यों में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसटीपी निर्माण में देरी पर भड़के

स्कूटी से निरीक्षण करते हुए डिप्टी सीएम मंगला स्थित 10 एमएलडी और 6 एमएलडी क्षमता के निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), कोनी कन्वेंशन सेंटर, शिवघाट बैराज और रामसेतु के बाईं ओर बन रहे अटल पथ पहुंचे। अशोकनगर-बिरकोना गौरव पथ का जायज़ा लेते हुए उन्होंने एसटीपी निर्माण में हो रही लेटलतीफी पर कड़ी नाराज़गी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तय समय पर काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों और कार्यदायी एजेंसियों के ख़िलाफ़ नियमानुसार सख़्त कार्रवाई की जाए।

251 करोड़ से संवरेगी अरपा 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अरपा नदी बिलासपुर के लोगों की भावनाओं से जुड़ी है। वर्तमान में शहर के लगभग 70 नालों का दूषित पानी सीधे नदी में गिर रहा है। इसे रोकने के लिए नगर निगम ने विस्तृत डीपीआर (DPR) तैयार की है। इसके तहत 17 किलोमीटर के दायरे में 57 स्थानों पर इंटरसेप्शन, लगभग 10 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन, तीन पंपिंग स्टेशन और दो नए एसटीपी बनाए जाएंगे। उन्होंने निगम आयुक्त को निर्देश दिया कि इस प्रोजेक्ट की सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर राज्य शासन से स्वीकृति दिलाई जाए, ताकि काम ज़मीन पर उतर सके।

बिजली के खंभों और पार्किंग व्यवस्था 

शहर में अव्यवस्थित ढंग से लगे बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को लेकर भी डिप्टी सीएम ने सख़्ती दिखाई। उन्होंने इन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने और भविष्य में नए खंभे लगाने से पहले नगर निगम की अनुमति अनिवार्य करने के निर्देश दिए। वहीं, कोनी कन्वेंशन सेंटर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए पीछे स्थित सरकारी ज़मीन को पार्किंग के रूप में विकसित करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का मक़सद ठेकेदारों को दंडित करना नहीं, बल्कि समय पर प्रोजेक्ट पूरे कर जनता को लाभ पहुंचाना है। इस औचक निरीक्षण के दौरान उनके साथ बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे समेत स्मार्ट सिटी, लोक निर्माण और जल संसाधन विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com