TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर ज़िले में रतनपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पशु चोरी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफ़ाश किया है. पुलिस ने दीवार तोड़कर 19 बकरे-बकरियां चुराने के आरोप में छह लोगों को गिरफ़्तार किया है.
अधिकारियों के मुताबिक़, अभियुक्तों के पास से जानवरों की बिक्री से मिले 1,50,000 रुपये नक़द और वारदात में इस्तेमाल की गई एक महिंद्रा स्कार्पियो गाड़ी ज़ब्त की गई है. पकड़े गए सभी अभियुक्त मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं.
क्या था चोरी का तरीक़ा ?
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपनी स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर आस-पास के गांवों में घूमते थे. वे ग्रामीणों और किसानों से 'खेत समतलीकरण' (ज़मीन बराबर करने) का काम मांगते थे.
इसी काम के बहाने वे गांव में घूमकर बकरे-बकरियों की 'रेकी' करते थे और यह पता लगाते थे कि जानवर कहाँ रखे जाते हैं. इसके बाद रात के अंधेरे में वे चोरी की वारदात को अंजाम देकर स्कार्पियो से फ़रार हो जाते थे.
दीवार तोड़कर चुराए 19 जानवर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चकरभांठा (थाना रतनपुर) के रहने वाले समन सिंह पैकरा ने 21 जून 2026 को थाने में शिकायत दर्ज़ कराई थी. उन्होंने पुलिस को बताया कि 19 जून की रात वे अपने 4 बकरे और 15 बकरियों को जंगल से चराकर लाए और घर के पास स्थित कोठे (पशु आश्रय) में बंद कर सो गए थे.
अगली सुबह (20 जून) जब वे उठे, तो देखा कि कोठे की ईंट की दीवार टूटी हुई थी और सभी 19 जानवर ग़ायब थे. शिकायत के बाद रतनपुर पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की.
बेच दिए थे जानवर, नक़दी बरामद
पुलिस ने संदेह के आधार पर जब इन अभियुक्तों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने चकरभांठा से 19 जानवर चुराने की बात स्वीकार कर ली. अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चुराए गए जानवरों को 1,75,000 रुपये में बेच दिया था, जिसमें से 25,000 रुपये उन्होंने ख़र्च कर दिए. पुलिस ने शेष 1,50,000 रुपये बरामद कर लिए हैं. विधिक कार्रवाई के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
गिरफ़्तार अभियुक्तों की पहचान: यह गिरोह फ़िलहाल रतनपुर के कर्रा इलाके में रह रहा था. गिरफ़्तार किए गए लोगों में शामिल हैं:
बबलू (57 वर्ष)
अमूर खान (66 वर्ष)
अमीन खान (41 वर्ष)
हबीम खान (35 वर्ष)
शाहरुख़ खान (22 वर्ष)
मोहम्मद अच्छन (33 वर्ष)
