राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / दुष्कर्म के मामले में चौकी मोहारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिचंद्र साहू (42 वर्ष) निवासी ग्राम छपारा, चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता अपने नानी के क्रियाकर्म में शामिल होने ग्राम छपारा आई हुई थी। आरोपी हरिचंद्र साहू, जो पीड़िता को भांजी कहकर संबोधित करता था, उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी ने कोल्ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाई और खेत की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर चौकी मोहारा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में मोहारा पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
