बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में “आओ संवारें कल अपना” अभियान के तहत आयोजित समर कैंप युवाओं और बच्चों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनता जा रहा है। “चेतना अतुलनीय बिलासपुर सुरक्षित बिलासपुर” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में बच्चों और युवाओं को खेल, कला और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को मोबाइल, नशा और आपराधिक गतिविधियों से दूर रखकर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है। समर कैंप में तायक्वांडो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, रनिंग, मनोरंजन गतिविधियां, सिलाई और क्राफ्ट जैसी विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पुलिस लाइन स्थित पुलिस ग्राउंड में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा हिस्सा ले रहे हैं। वॉलीबॉल में लगभग 35, हैंडबॉल में 40, हॉकी में 70, रनिंग में 50 और तायक्वांडो में करीब 70 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह समय-समय पर स्वयं शिविर पहुंचकर बच्चों की गतिविधियों की जानकारी लेते हैं और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं। इसी क्रम में कलेक्टर बिलासपुर संजय अग्रवाल ने भी शिविर पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और योगा मैट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
“आओ संवारें कल अपना” अभियान के अंतर्गत पुलिस परिवार की महिलाओं और युवतियों के लिए सिलाई और क्राफ्ट प्रशिक्षण भी शुरू किया गया है। नवीन पुलिस लाइन कार्यालय के मनोरंजन कक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में 60 से अधिक महिलाएं और युवतियां भाग ले रही हैं।
बिलासपुर पुलिस का यह प्रयास समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने, युवाओं को सही दिशा देने और पुलिस व आमजन के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

