Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

अब और तेज होगी मदद, जिले में शुरू हुई नई डायल-112 सेवा

24 नई इमरजेंसी गाड़ियों से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  / आम नागरिकों को त्वरित सुरक्षा और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में बिलासपुर जिले को 24 नई अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों की बड़ी सौगात मिली है। बिलासागुड़ी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने वर्चुअली जुड़कर नई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि डायल-112 सेवा आज संकट के समय आम लोगों का सबसे बड़ा सहारा बन चुकी है। आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस ये वाहन अब लोगों तक और तेजी से सहायता पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि डायल-112 सेवा जनता के भरोसे का प्रतीक बन चुकी है। वहीं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सूचना मिलते ही टीम लोकेशन ट्रेस कर तत्काल सहायता पहुंचाती है। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने पुलिस जवानों की सराहना करते हुए कहा कि वे दिन-रात जनता की सुरक्षा में लगे रहते हैं।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि डायल-112 सेवा को अब प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया गया है। इसमें पुलिस के साथ फायर और एम्बुलेंस सेवाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर त्वरित सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि कई बार प्रसव जैसी आपात स्थितियों में भी डायल-112 टीम ने समय पर पहुंचकर मदद की है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि नई डायल-112 वाहन सेवा से जिले में आपातकालीन सेवाओं की कार्यक्षमता और बेहतर होगी। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि नई वाहनों के जुड़ने से रिस्पॉन्स टाइम में सुधार आएगा और ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।

नई डायल-112 गाड़ियों में आधुनिक संचार और ट्रैकिंग तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आपातकालीन सेवाओं की प्रभावशीलता बढ़ेगी।

कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा