रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात गौवंश तस्कर रब्बुल खान (39 वर्ष) ने पुलिस दबाव के चलते आखिरकार सरेंडर कर दिया। लैलूंगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, रब्बुल खान के खिलाफ वर्ष 2023 और 2026 में गौ तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदलकर छिप रहा था। फरवरी माह में पुलिस ने झगरपुर मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी के साथी देवानंद यादव को 16 गौवंश के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में रब्बुल खान की मुख्य भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते आरोपी के सभी ठिकाने खत्म हो गए और अंततः उसने सरेंडर कर दिया। लैलूंगा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि— “गौ तस्करी में शामिल लोगों के लिए अब केवल दो ही रास्ते हैं—सरेंडर करें या कानून की गिरफ्त में आएं।”
अपराध छोड़ने की जताई इच्छा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने गौ तस्करी छोड़कर सामान्य जीवन जीने की इच्छा जताई है। पुलिस इसे “ऑपरेशन शंखनाद” की बड़ी सफलता मान रही है, जहां कार्रवाई के साथ-साथ अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी प्रभावी साबित हुआ है।
