बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सरकंडा थाना क्षेत्र में नाली में बाथरूम करने की मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों और 7 अपचारी बालकों सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभात चौक चिंगराजपारा निवासी सनत सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 अप्रैल की रात करीब 12 बजे वह खाना खाने के बाद टहल रहा था। इसी दौरान नाली में पेशाब करने की बात को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू, डंडा और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में प्रार्थी के अलावा बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर करीब 15 लोग मुंह ढांककर मारपीट करते नजर आए। जांच में 10 आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें शैलेन्द्र रावत उर्फ बांडिया (22 वर्ष), दीपक निषाद उर्फ बुटु (21 वर्ष), दुर्गेश अहिरवार उर्फ सीनातान (19 वर्ष) सहित 7 अपचारी बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडे बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
