बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / पारीनाला स्थित हजरत सैयद जलालुद्दीन शाह रहमतुल्लाह अलैह के 5 दिवसीय उर्स मेले में उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला आरक्षक अफसाना अली को पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।
उर्स के दौरान अफसाना अली ने पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाई। दरगाह परिसर में भारी भीड़ के बावजूद उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
दरगाह इंतजामिया कमेटी ने भी महिला आरक्षक के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान संवेदनशील माहौल में इतने बड़े आयोजन को शांति से सम्पन्न कराना आसान नहीं होता, लेकिन अफसाना अली की सतर्कता और सेवा भावना ने इसे संभव बनाया।
एसपी अंकिता शर्मा ने सम्मान समारोह के दौरान कहा कि पुलिस विभाग में ऐसे कर्मियों की लगन और समर्पण ही जनता के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत करता है। उन्होंने अफसाना अली के कार्य को प्रेरणादायक बताते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी इससे सीख लेने की बात कही।
