Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 खरीदार के साथ 21 मोटरसाइकिल बरामद


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चोरी की 21 मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले में मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी शिव नागवंशी फरार बताया जा रहा है। इसके अलावा चोरी की बाइक खरीदने वाले 9 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि लैलूंगा क्षेत्र के कुछ युवक पूंजीपथरा, धरमजयगढ़ और ओडिशा के भीड़-भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर सस्ते दामों में बेच रहे हैं। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आरोपी सुखदेव चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी के साथ मिलकर कई बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बाइक चोरी कर सुनसान जगहों पर छिपा देता था और बाद में उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं और वाहनों की मरम्मत का काम जानते हैं। इसी का फायदा उठाकर वे पेचकस जैसे सामान्य औजारों से बाइक का लॉक तोड़कर आसानी से चोरी कर लेते थे। 

मामले की विवेचना में जुटी पुलिस ने आरोपी सुखदेव चौहान ने बताया कि उसने चोरी की मोटरसाइकिलें कार्तिक राम डूंगडूंग, रामकुमार वैष्णव, केशव यादव, भोजराम पैंकरा, जगदीश पैंकरा, शिवचरण चौहान, सुखचरण चौहान, अमित कुमार नागवंशी और शिवप्रसाद विश्वकर्मा को बेची थीं। पुलिस ने इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं आरोपी सुखदेव चौहान द्वारा अपने बाड़ी में छिपाकर रखी गई 7 अन्य मोटरसाइकिल भी जप्त की गई। इस तरह पुलिस को कुल 21 मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता मिली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(1) तथा चोरी की संपत्ति खरीदने वालों के खिलाफ धारा 317(2), 317(4) के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में शिव नागवंशी निवासी किलकिला को फरार बताया जा रहा है, पुलिस दावा कर रही है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएग। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा