Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

एनएच-53 पर 2 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार


रायपुर / महासमुंद। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में महाराष्ट्र के पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप महाराष्ट्र ले जाने की सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान एक फॉर्च्यूनर (MH 12 WC 0090) और एक स्कॉर्पियो (MH 12 YH 0090) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहनों में रखी बोरियों से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के फुलवानी जिले से गांजा लेकर पुणे (महाराष्ट्र) जा रहे थे।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 281.900 किलोग्राम गांजा के साथ-साथ गांजा परिवहन में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर (कीमत करीब 40 लाख रुपये), स्कॉर्पियो (कीमत करीब 25 लाख रुपये) और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये का सामान जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत शंकर गोले (38 वर्ष), क्षितिज वीरसेन जाधव (21 वर्ष), अक्षय नंदकुमार निगम (27 वर्ष), अभिषेक डेविड जगले (26 वर्ष) और महेश काटकर (39 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी महाराष्ट्र के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा