TODAY छत्तीसगढ़ / रायपुर, 30 सितम्बर। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 1994 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विकास शील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया। वे इससे पहले एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर पदस्थ थे।
विकास शील मूलतः मध्यप्रदेश कैडर के अधिकारी हैं। वर्ष 2000 में राज्य विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ। अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल में वे कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिले के कलेक्टर रहे। इसके अलावा उन्होंने स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग जैसे महत्त्वपूर्ण विभागों के सचिव के रूप में भी सेवाएँ दीं। अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक वे राजधानी रायपुर के कलेक्टर रहे।
वर्ष 2018 से वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भारत सरकार में कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग तथा जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं। वे जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर भी रहे और देशभर में ग्रामीण पेयजल आपूर्ति के बड़े अभियान का सफल संचालन किया।
शैक्षणिक उपलब्धियाँ
विकास शील का जन्म 10 जून 1969 को हुआ। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से बी.ई. और एम.ई. की डिग्री प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी, अमेरिका से लोक प्रशासन में मास्टर और एक्जीक्यूटिव मास्टर डिग्री हासिल की। साथ ही स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन एवं नीति में एडवांस्ड स्टडी का सर्टिफिकेट कोर्स भी किया है।