Slider

जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन समेत दो गिरफ्तार, दिवंगत देवव्रत सिंह के उदयपुर निवास में पुलिस पार्टी पर हुआ था हमला

फ़ाइल फोटो / TCG 

राजनांदगांव ।  TODAY छत्तीसगढ़  /  खैरागढ़ के दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के उदयपुर स्थित महल में जबरिया ताला खोलने के दौरान हुई हिंसक उपद्रव के मामले में जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष गुलशन तिवारी और उसके एक साथी को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में दो साल बाद गिरफ्तारी की है।

आपको बताते चलें कि वर्ष 2021 में स्व. देवव्रत सिंह की तलाकशुदा पत्नी पदमादेवी और मौजूदा पत्नी विभा सिंह के साथ संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद काफी गहरा गया था। देवव्रत समर्थकों ने उदयपुर स्थित निवास में लगे ताला खोलने पर मना करने के दौरान पुलिस पार्टी पर हमला बोल दिया था। इस घटना में पुलिस जवानों पर जहां समर्थकों ने हमला बोला। वहीं पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया था। इस मामले में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन तिवारी व दादू खान उर्फ रशूल खान को गिरफ्तार किया गया है। जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं। सूत्रों का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी होगी।

मिली जानकारी के मुताबिक उदयपुर महल में संपत्ति बंटवारे को लेकर बढ़ते विवाद को रोकने के लिए प्रशासन ने महल में ताला बंदी कर दी थी। प्रशासन के इस फैसले से नाराज देवव्रत सिंह के समर्थकों ने उदयपुर महल में धावा बोल दिया। महल की सुरक्षा में तैनात जवानों से कार्यकर्ता भिड़ गए। कार्यकर्ताओं के बढ़ते दबाव के बाद अतिरिक्त फोर्स मौके पर रवाना किया गया। फोर्स को देखकर कार्यकर्ता और समर्थक हिंसा पर उतारू हो गए। इस दौरान पुलिस जवानों के साथ हाथापाई की गई। वहीं पुलिस के वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में मामला पंजीबद्ध किया था। दो साल बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुलशन तिवारी खैरागढ़ जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस की गिरफ्तारी की खबर से कांग्रेस में हड़कंप की स्थिति है। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें   

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com